
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज़ दो दिनों में उद्भेदन कर लिया। पीड़िता नंदिता (24 वर्ष) ने लिखित शिकायत में बताया था कि उनके बंद घर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर सोना-चांदी के जेवरात और ₹10,000 नकद लेकर फरार हो गए।
शिकायत मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर एक वयस्क और दो नाबालिगों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आयुष पांडे, पिता गोपाल पांडे, निवासी मकान संख्या 1054, कुम्हारपाड़ा, सोनारी, के रूप में हुई है। दो अन्य नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है।
अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी गया अधिकांश सामान बरामद कर लिया गया। बरामदगी में सोने की दो अंगूठियां, सोने के कान के दो जोड़े, चांदी के पायल के दो जोड़े, चांदी का लोटा, थाली, छोटा प्लेट, ग्लास, चाभी रिंग और ₹4,000 नकद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, शेष रकम और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
थाना प्रभारी ने बताया कि यह सफलता स्थानीय पुलिस टीम की तत्परता और गुप्त सूचना तंत्र के सक्रिय सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस तरह की वारदातों की रोकथाम और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस निरंतर सतर्क है।

