उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के सिटी एसपी ललित मीणा ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जुगसलाई थाना क्षेत्र के नगर परिषद बाजार स्थित “यूनिक कलेक्शन” कपड़ा दुकान पर हुई फायरिंग कांड का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले में कुख्यात मनीष सिंह गैंग से जुड़े छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मैरून रंग की वैगनआर कार, चार अवैध देसी पिस्तौल, पांच जिंदा गोलियां, तीन खाली मैगजीन, एक खोखा और छह एंड्रायड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सिटी एसपी ने बताया कि 15 मई को कार सवार अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने, रंगदारी वसूलने और अपना वर्चस्व कायम करने की नीयत से कपड़ा दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। घटना के बाद जुगसलाई थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर तौकीर आलम के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान की। इसके बाद 19 मई को विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों में अभिषेक श्रीवास्तव उर्फ आर्यन, राहुल कुमार उर्फ बडकू, हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी, राहुल सिंह उर्फ गेटलू, अंकित सोनकर उर्फ खटीक और बानेश्वर नामता शामिल हैं। पूछताछ में सभी ने मनीष सिंह गैंग से जुड़े होने तथा फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। बानेश्वर नामता के खिलाफ चांडिल, चौका, आरआईटी, तिरुलडीह और पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले के अड़सा थाना में हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं अंकित सोनकर, राहुल उर्फ बडकू और हरप्रीत सिंह के खिलाफ भी जमशेदपुर के विभिन्न थानों में आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।


