उदित वाणी, जमशेदपुर: एमजीएम अस्पताल परिसर मंगलवार देर रात उस समय तनाव और अफरा-तफरी का केंद्र बन गया, जब डिलीवरी एजेंट्स और मेडिकल छात्रों के बीच मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो उठा।
जानकारी के मुताबिक, ऑनलाइन ग्रॉसरी कंपनियों से जुड़े कुछ डिलीवरी बॉय अस्पताल परिसर में सामान पहुंचाने पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद मेडिकल छात्रों और डिलीवरी कर्मियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
डिलीवरी एजेंट कुंदन कुमार ने आरोप लगाया कि डिलीवरी देकर लौटने के दौरान कुछ युवक और एक युवती ने उन्हें रोक लिया और छात्रा को गलत नजर से देखने का आरोप लगाते हुए उनके साथ मारपीट की गई। उनका कहना है कि बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य डिलीवरी बॉय को भी पीटा गया तथा नकदी छीनने की कोशिश की गई।
दूसरी ओर मेडिकल छात्रों का कहना है कि तीन युवक एक ही बाइक पर अस्पताल परिसर में पहुंचे थे और वहां मौजूद छात्राओं पर अभद्र टिप्पणी की गई, जिसके बाद विवाद भड़क उठा। मेडिकल छात्र विशाल ने छिनतई के आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया।
घटना की सूचना फैलते ही दोनों पक्षों के समर्थक बड़ी संख्या में अस्पताल परिसर पहुंच गए। मेडिकल छात्र भी एकजुट हो गए, जिससे कुछ देर के लिए पूरा परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है। अस्पताल परिसर में हुई इस घटना के बाद देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा।


