उदित वाणी आदित्यपुर : आदित्यपुर में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर BSNL कार्यालय के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से बाइक टकरा गई। गंभीर रूप से घायल युवक काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा, जिसके कारण उसकी हालत और बिगड़ गई। बाद में पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान रोहित कुमार पाठक (28) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह देर रात अपनी बाइक से गम्हरिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीएसएनएल कार्यालय के पास सड़क किनारे खड़े एक ब्रेकडाउन ट्रेलर से उसकी बाइक तेज रफ्तार में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा। राहगीरों की सूचना पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में मातम पसर गया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रेलर खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था। हालांकि, यह भी जांच की जा रही है कि वाहन चालक ने सुरक्षा के लिए कोई संकेतक लगाया था या नहीं।
इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर अक्सर बड़े वाहन सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की


