उदित वाणी,जमशेदपुर: कमलपुर थाना क्षेत्र से एक शादीशुदा महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल का एक युवक महिला को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। घटना को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
10 दिनों तक की तलाश, फिर पहुंचे थाना
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान संजय उरांव के रूप में हुई है, जो हेरबन का रहने वाला बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी 20 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच अचानक घर से गायब हो गई। पहले परिवार के लोगों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिलने पर 6 मई को मामला थाने तक पहुंचा।
पश्चिम बंगाल का संजय उरांव है आरोपी
परिजनों का आरोप है कि संजय उरांव पहले से महिला के संपर्क में था और उसी ने उसे अपने साथ भगाया है। इधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाल रही है।
पुलिस की जांच: कॉल डिटेल और लोकेशन पर नजर
थाना पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। जल्द ही महिला को बरामद कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


