
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र स्थित धोबी मोड़ के पास हुए सनसनीखेज चापड़ हमले ने अब और गंभीर रूप ले लिया है। मंगलवार शाम टिनप्लेट निवासी ऋतिक और संदीप पर हुए जानलेवा हमले के बाद मामला सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब पीड़ित परिवार पर दबाव और धमकियों का दौर शुरू हो गया है।
घायल संदीप के पिता सीताराम सिंह ने गोलमुरी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि आरोपी पक्ष के लोग बुधवार देर रात उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिवार पर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाया और इनकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। सीताराम सिंह के अनुसार, आरोपियों ने पूरे परिवार को जान से मारने तक की चेतावनी दी, जिससे परिवार दहशत में है।
इस घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
घटना ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब पीड़ित पक्ष को न्याय की लड़ाई लड़ने से रोकने के प्रयास सामने आ रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी और सख्ती से कार्रवाई करती है, ताकि पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय दोनों मिल सके।

