उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी अंडर-14 ने महाबलीपुरम में अपने आखिरी ग्रुप बी मैच में फुटबॉल 4 चेंज एकेडमी को 2-0 से हराकर एआईएफएफ सब-जूनियर लीग के फाइनल राउंड में अपनी पहली जीत दर्ज की.‘मेन ऑफ़ स्टील’ के युवा खिलाड़ियों ने मैच की शानदार शुरुआत की और तीसरे ही मिनट में अर्शल मुर्मू के गोल से बढ़त बना ली. अर्शल ने मिले शुरुआती मौके का फायदा उठाते हुए टीम को आगे कर दिया. इस गोल के बाद जमशेदपुर ने खेल पर पकड़ बनाए रखी और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहे.
42 वें मिनट में दूसरा गोल
हाफ-टाइम से ठीक पहले 42वें मिनट में कार्तिकेयन ने गोल दागकर टीम की बढ़त दोगुनी कर दी. इस गोल ने ब्रेक से पहले जमशेदपुर को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. दूसरे हाफ में दो गोल की बढ़त के साथ टीम ने अनुशासित खेल दिखाया. खिलाड़ियों ने डिफेंस मजबूत रखते हुए क्लीन शीट बनाए रखी और मुकाबले को पेशेवर अंदाज़ में खत्म करते हुए पूरे तीन अंक हासिल किए. इस जीत के साथ जमशेदपुर एफसी अंडर- 14 की उम्मीदें अभी भी कायम हैं. हालांकि, नॉकआउट चरण में पहुंचने की उनकी राह अब ग्रुप के अन्य मैचों के नतीजों पर निर्भर करेगी.


