उदित वाणी, जमशेदपुर : ईस्ट सिंहभूम जिला टेबल टेनिस संघ के तत्वावधान में जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पांच दिवसीय “ईस्ट सिंहभूम जिला इंटर स्कूल टेबल टेनिस चैंपियनशिप-2026” के तीसरे दिन खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला. आज मुख्य रूप से अंडर-17 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल और अंडर-11 बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे.
अंडर-17 बालिका वर्ग: सेमीफाइनल की ओर बढ़ते कदम
अंडर-17 गर्ल्स सिंगल्स के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में शानदार खेल का प्रदर्शन हुआ:
पहला क्वार्टर फाइनल: जुस्को स्कूल (कदमा) की दृश्या सिंह ने सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट की एहा चौधरी को सीधे सेटों में 3-0 (11-7, 11-6, 11-7) से पराजित किया.
दूसरा क्वार्टर फाइनल: विद्या भारती चिन्मया विद्यालय की अंशिका महाजन ने केरला पब्लिक स्कूल (कदमा) की आद्या श्री राठौर को 3-0 (11-2, 11-4, 11-2) से हराया.
तीसरा क्वार्टर फाइनल: डीएवी पब्लिक स्कूल (बिष्टुपुर) की अनन्या साहा और जुस्को स्कूल (कदमा) की नंदिता डे के बीच सबसे कड़ा मुकाबला हुआ. अनन्या ने 3-2 (11-9, 7-11, 9-11, 11-6, 11-5) से जीत दर्ज की.
चौथा क्वार्टर फाइनल: केरला पब्लिक स्कूल (कदमा) की परलीन भमरा ने एसडीएसएम (सिदगोड़ा) की स्मृति सिन्हा को 3-0 (11-5, 11-6, 11-6) से मात देकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया.
अंडर-11 बालिका वर्ग: दिविशा सिन्हा के सिर सजा ताज
लीग आधार पर खेले गए अंडर-11 बालिका वर्ग में दिविशा सिन्हा (डीएवी, बिष्टुपुर) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने तीनों मैच जीते और विजेता बनीं. आरोही सिंह (विवेक विद्यालय) उपविजेता रहीं, जबकि मीरा गांधी (लोयोला) और आरूही कुमारी (विवेक विद्यालय) संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं.

अंडर-11 बालक वर्ग: सेमीफाइनल की तैयारी
अंडर-11 बालक वर्ग में कुल 14 खिलाड़ियों को 4 समूहों में बांटा गया था. ग्रुप टॉपर्स अब सेमीफाइनल में भिड़ेंगे:
पहला सेमीफाइनल: पौमिप चटर्जी (गुलमोहर स्कूल) बनाम रुद्र भट्टाचार्य (लोयोला).
दूसरा सेमीफाइनल: आर्यन गांधी (लोयोला, बिष्टुपुर) बनाम वेदांश वशिष्ठ (जेपीएस, बारीडीह).
यह दोनों सेमीफाइनल मुकाबले कल, 5 मई 2026 को खेले जाएंगे. प्रतियोगिता का भव्य समापन 6 मई को होगा.


