
उदित वाणी, जमशेदपुर: हाता में निरीक्षण करने के उपरांत पोटका विधायक संजीव सरदार सीधे प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. यहाँ उन्होंने अंचलाधिकारी (CO) निकिता बाला और प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) अरुण कुमार मुंडा के साथ एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक में क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति जांची गई और आगामी 14 मई 2026 से शुरू होने वाली जनगणना की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई. विधायक ने अधिकारियों को दो टूक कहा कि जनगणना का कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ समय पर पूरा होना चाहिए.
ग्रामीणों की समस्याओं पर त्वरित एक्शन: समीक्षा बैठक के बाद विधायक संजीव सरदार ने घंटों तक प्रखंड मुख्यालय में बैठकर दूर-दराज के गांवों से आए लोगों की फरियाद सुनी. उन्होंने जमीन विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लिया. विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि फाइलों को लटकाने के बजाय तत्काल समाधान सुनिश्चित करें. कई मामलों में तो विधायक ने मौके पर ही अधिकारियों को जरूरी कार्रवाई करने के आदेश दिए.
जनता की सेवा ही मेरा धर्म: इस दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार भावुक नजर आए. उन्होंने कहा, “जनता की सेवा ही मेरा सबसे बड़ा कर्तव्य और धर्म है. मैं हर उस व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हूँ जो उम्मीद लेकर मेरे पास आता है.” उन्होंने अधिकारियों को भी नसीहत दी कि वे आम लोगों के साथ संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ पेश आएं.
ग्रामीणों ने दिया ‘बेटे’ का दर्जा: विधायक के काम करने के अंदाज और उनकी सहजता से ग्रामीण काफी प्रभावित दिखे. अपनी समस्याओं का समाधान पाकर कई बुजुर्ग और महिलाएं भावुक हो गईं और विधायक को आशीर्वाद देते हुए कहा— “बेटा हो तो तुम्हारे जैसा.” ग्रामीणों ने कहा कि संजीव सरदार जिस तरह स्वयं बैठकर उनकी बातें सुनते हैं, वह उनकी जनसेवा के प्रति ईमानदारी को दर्शाता है.

