
उदित वाणी, जमशेदपुर: पोटका विधानसभा क्षेत्र के डुमरिया प्रखंड अंतर्गत खैरबनी टोला में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जेबीबीएस यंग ब्वॉयज एंड गर्ल्स क्लब के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक संजीव सरदार शामिल हुए। उनके सौजन्य से निर्मित बाबा साहेब की आदमकद प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया गया।
विधायक ने प्रतिमा का अनावरण कर माल्यार्पण किया और बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर क्लब द्वारा आयोजित 22वां रंग-रंग स्पोर्ट्स खेल कार्यक्रम में भी उन्होंने भाग लिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने आयोजन में रंगारंग माहौल बना दिया।
“समानता और अधिकारों का प्रतीक है यह दिन” – संजीव सरदार
अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन जाति व्यवस्था, अस्पृश्यता और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक है। उनका विचार आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिन हमें समान अधिकार और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने युवाओं से बाबा साहेब के सिद्धांत—शिक्षा, संगठन और संघर्ष को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इसी मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक बदलाव संभव है। साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास और सामाजिक समरसता के लिए सभी से मिलकर कार्य करने की अपील की। कार्यक्रम में पहुंचने पर ग्रामीणों एवं क्लब के सदस्यों ने विधायक का गाजे-बाजे के साथ जोरदार स्वागत किया। मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष मिर्जा सोरेन, बीस सूत्री अध्यक्ष भगत बास्के, अर्जून मुर्मू, भगत हांसदा, उदय मुर्मू, काजमान सिंह सरदार, दांदुराम मार्डी, सुरेश हेंब्रम सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
वहीं क्लब के अध्यक्ष सुखलाल टुडू, सचिव राजीव टुडू, कोषाध्यक्ष सिदा हांसदा एवं टोला प्रधान धारमाल मुर्मू समेत बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

