
उदित वाणी,जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित एक गैस एजेंसी में गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि रसोई गैस सिलेंडर की अवैध तरीके से ऊंचे दामों पर बिक्री की जा रही है। बताया जा रहा है कि एक सिलेंडर के लिए करीब 2500 रुपये वसूले जा रहे थे, जिससे नाराज लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
विरोध के दौरान स्थिति अचानक बिगड़ गई। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी संचालक के परिजनों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। मौके पर मौजूद लोगों ने यह भी कहा कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया गया और खुलेआम चुनौती दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मीडिया कर्मी भी कवरेज के लिए पहुंचे, लेकिन उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने पत्रकारों को गालियां दीं और उनके मोबाइल छीनने की कोशिश की, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सबसे हैरानी की बात यह रही कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिस की भूमिका निष्क्रिय बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस पर मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया है।
इस पूरे मामले के बाद उपभोक्ताओं में आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

