
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने मंगलवार को शालीमार रेलवे स्टेशन और सांतरागाछी रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्थाओं और चल रही विकास परियोजनाओं की गहन समीक्षा की। उनके साथ मुख्यालय एवं खड़गपुर मंडल के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण की शुरुआत शालीमार स्टेशन से हुई, जहां महाप्रबंधक ने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, यार्ड और सर्कुलेटिंग एरिया का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, यात्री सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। विशेष रूप से गंगा तट पर विकसित हो रहे जेट्टी प्रोजेक्ट, वंदे भारत ट्रेनों के लिए तैयार हो रही पिट लाइन और डिपो निर्माण कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी होनी चाहिए।
महाप्रबंधक ने शालीमार स्टेशन को आधुनिक टर्मिनल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्यों को तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्री सुरक्षा और सुविधा रेलवे की प्राथमिकता होनी चाहिए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद टीम ने सांतरागाछी स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां नए स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म और अन्य सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया। प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय और टिकटिंग व्यवस्था की स्थिति पर संतोष जताते हुए उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही ट्रेन परिचालन को और अधिक समयबद्ध व सुचारु बनाने पर बल दिया।
निरीक्षण के दौरान आयोजित बैठक में महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे की बेहतर छवि के लिए आधारभूत ढांचे का विकास, स्वच्छता और समयबद्ध संचालन बेहद जरूरी है। यह निरीक्षण रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर अनुभव देने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

