उदित वाणी ,जमशेदपुर : आरआईटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर-11 से एक दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ 25 वर्षीय कामकाजी युवती ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान कृष्णा मिश्रा की पुत्री नेहा मिश्रा के रूप में हुई है, जो गम्हरिया स्थित बीको मोड़ के पास एक निजी कंपनी में कार्यरत थी।
पड़ोसियों को हुआ संदेह
बताया जा रहा है कि नेहा पिछले करीब दस दिनों से घर में अकेली रह रही थी। उसके माता-पिता एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव गए हुए थे। रविवार को पड़ोसियों को तब शक हुआ जब लंबे समय तक घर का दरवाजा बंद रहा और अंदर से कोई हलचल नहीं हुई। अनहोनी की आशंका के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत आरआईटी थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया, जहाँ नेहा का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन गांव से लौटने के लिए रवाना हो गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

