उदित वाणी, जमशेदपुर : कभी समय की पाबंदी और तेज सेवा के लिए पहचान बनाने वाली टाटानगर-हावड़ा स्टील एक्सप्रेस इन दिनों अपनी साख खोती नजर आ रही है. लगातार हो रही देरी से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. इस मुद्दे को लेकर टाटा-हावड़ा डेली पैसेंजर यूनियन ने भी रेल प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए तत्काल सुधार की मांग की है.
जानकारी के अनुसार, स्टील एक्सप्रेस का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 06:05 बजे है और इसे महज 4 घंटे 20 मिनट में हावड़ा पहुंचना होता है. लेकिन हाल के दिनों में यह समय दोगुना तक हो जा रहा है. हाल ही में एक दिन यह ट्रेन समय पर रवाना होने के बावजूद गंतव्य तक पहुंचने में 7 घंटे 20 मिनट ले गई. वापसी यात्रा में भी हालात बदतर हैं, जहां 4 घंटे 20 मिनट का सफर बढ़कर 8 घंटे 40 मिनट तक पहुंच रहा है.
यात्रियों का आरोप है कि रास्ते में बार-बार ट्रेन को रोककर मालगाड़ियों और सुपरफास्ट ट्रेनों को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे आम लोगों को अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ रही है. इसका सबसे ज्यादा असर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और छोटे व्यापारियों पर पड़ रहा है. कई यात्रियों ने बताया कि देरी के कारण उनके ऑफिस, परीक्षा और महत्वपूर्ण काम प्रभावित हो रहे हैं, यहां तक कि कुछ लोग अपनी फ्लाइट तक मिस कर चुके हैं.
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन किया जाएगा. यात्रियों की मांग है कि स्टील एक्सप्रेस को भी समान प्राथमिकता दी जाए और इसके संचालन को समयबद्ध बनाकर आम जनता को राहत दी जाए.


