
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही चापड़बाजी की घटनाओं को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने वरीय आरक्षी अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को ज्ञापन सौंपकर अविलंब कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में “चाइनीज चापड़” को खतरनाक हथियार की श्रेणी में शामिल कर इसकी बिक्री, सार्वजनिक इस्तेमाल और शहर में आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आए दिन चापड़ से हमले की घटनाएं सामने आ रही हैं। यह हथियार बेहद घातक है और इसके वार से गंभीर चोट व अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कई मामलों में जान तक जा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह हथियार आसानी से हार्डवेयर दुकानों, सड़क किनारे विक्रेताओं और अन्य स्थानों पर उपलब्ध है। इसका इस्तेमाल खुलेआम सब्जी, मछली और मांस विक्रेताओं द्वारा भी किया जा रहा है, जिससे अपराधियों को भी इसका दुरुपयोग करने का अवसर मिल रहा है।
झामुमो ने प्रशासन से इस बात की भी जांच करने की मांग की है कि इतने बड़े पैमाने पर इस खतरनाक हथियार की उपलब्धता कहीं किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं है।
इसके साथ ही बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित बजरंगी चाय दुकान में कार्यरत महिला मेहंदी कुमारी, उनकी मां और परिजनों के साथ हुए अमानवीय व्यवहार के मामले को भी गंभीरता से उठाया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि इस घटना में शामिल कई आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जो चिंता का विषय है।
झामुमो ने प्रशासन से मांग की है कि सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति या समूह द्वारा पीड़ित परिवार पर दबाव बनाकर उन्हें न्याय से वंचित करने की कोशिश न हो। पार्टी ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस पूरे मामले में त्वरित और ठोस कार्रवाई करेगा, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बहाल रह सके और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से झामुमो के केंद्रीय सदस्य प्रमोद लाल, शेख बदरुद्दीन, खुद्दू उरांव, फैयाज अहमद खान, प्रीतम हेंब्रम, गुरमीत सिंह गिल, अभय पांडे, डी राकेश राव, प्रकाश चंद्र झा, विष्णु नाग, उमेश गिरी, सुखलाल टुडू, पिंटू लाल, चंदन लाल आदि झामुमो के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

