
उदित वाणी , जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिजन बस्ती निवासी सफाईकर्मी अमानी मुखी के साथ गुरुवार सुबह गंभीर मारपीट की घटना सामने आई है। अमानी मुखी, जो आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट के तहत वार्ड संख्या 1/2 में घर-घर से कचरा संग्रहण का कार्य करते हैं, ने आरोप लगाया है कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।
घटना 16 अप्रैल की सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। अमानी मुखी के अनुसार, वे क्ललू चौक के पास स्मार्ट टेलर लाइन क्षेत्र में नियमित रूप से कचरा उठाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान साबीर अहमद नामक व्यक्ति ने उन्हें गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपी उन्हें जबरन अपने घर के अंदर ले गया, जहां पहले से मौजूद चार लोगों ने मिलकर उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।
पीड़ित ने बताया कि हमलावरों ने उनका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की, जिससे उनकी नाक से खून बहने लगा और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान उनके सहयोगी नीरज कुमार महतो और नीसा मुखी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि उन्हें भी धक्का देकर बाहर कर दिया गया।
अमानी मुखी का कहना है कि हमलावरों द्वारा जातिसूचक टिप्पणी भी की गई और उन्हें इलाके से भगाने की धमकी दी गई। किसी तरह जान बचाकर बाहर निकलने के बाद उन्होंने इस घटना की शिकायत संबंधित थाना में दर्ज कराने की मांग की है।
पीड़ित ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

