
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने शनिवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया. इस दौरान उन्होंने विस्तृत मांग-पत्र सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की.
निजी स्कूलों की फीस पर उठाए सवाल
मुलाकात के दौरान विधायक ने निजी स्कूलों द्वारा अभिभावकों से वसूली जा रही मनमानी फीस का मुद्दा जोरदार ढंग से रखा. उन्होंने री-एडमिशन, बिल्डिंग फंड, स्पोर्ट्स और ट्यूशन फीस के नाम पर ली जा रही अतिरिक्त राशि को अनुचित बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की. इस पर उपायुक्त ने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
आधार केंद्र और सफाई व्यवस्था पर जोर
विधायक ने सिदगोड़ा टाउन हॉल में आधार केंद्र शुरू करने की मांग दोहराई. उपायुक्त ने बताया कि जल्द ही यहां आधार केंद्र शुरू किया जाएगा. साथ ही आगामी मानसून को देखते हुए शहर में साफ-सफाई, कचरा उठाव और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया.
बिजली व्यवस्था और पेयजल सुधार की मांग
पूर्णिमा साहू ने शहर की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने, ट्रांसफॉर्मरों की नियमित जांच, खुले तारों की कवरिंग और अंडरग्राउंड केबल बिछाने की आवश्यकता बताई. इसके अलावा चापाकल व्यवस्था को मजबूत करने की मांग भी रखी, ताकि लोगों को निर्बाध जल आपूर्ति मिल सके.
अपराध नियंत्रण और चापर बिक्री पर सख्ती की मांग
शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए विधायक ने चापरबाजी पर रोक लगाने के लिए चापर की बिक्री पर प्रतिबंध की मांग उठाई. इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि इसकी बिक्री और भंडारण पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.
गैस संकट और अफवाहों पर प्रशासन सख्त
विधायक ने गैस की कृत्रिम किल्लत का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि कुछ लोग अफवाह फैलाकर संकट का माहौल बना रहे हैं. इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और जरूरत पड़ने पर लाइसेंस रद्द किया जाएगा.
डॉग-बाइट की बढ़ती घटनाओं पर चिंता
शहर में बढ़ते डॉग-बाइट मामलों को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने डॉग शेल्टर हाउस की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की. साथ ही बिरसा मुंडा टाउन हॉल के पास स्थित डॉग कैनल परिसर को ‘जन सेवा संघ ट्रस्ट’ को सौंपने का प्रस्ताव भी रखा, जिससे आवारा कुत्तों के प्रबंधन और उपचार की बेहतर व्यवस्था हो सके.
समस्याओं के समाधान का आश्वासन
उपायुक्त ने कई मामलों में तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर समाधान की दिशा में कदम उठाए और आश्वस्त किया कि अन्य समस्याओं का भी शीघ्र निराकरण किया जाएगा. इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि गुंजन यादव भी उपस्थित रहे.

