
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर की सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था बनश्री सरकार एंड ग्रुप के तत्वावधान में दो दिवसीय ‘श्रीजनी कार्निवल 2026’ का भव्य शुभारंभ शनिवार को सोनारी कागल नगर स्थित काली पूजा कमेटी हॉल में उत्साह और उल्लास के साथ हुआ. कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी अल्पना भट्टाचार्य ने दीप प्रज्वलित कर किया.
महिलाओं की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र
कार्निवल में शहर की लगभग 20 महिला उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां आकर्षक परिधानों, आभूषणों और विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन किया गया. इन स्टॉल्स ने आगंतुकों को खासा आकर्षित किया और स्थानीय प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान किया.
चित्रांकन प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
पहले दिन आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता में 105 बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया. प्रतियोगिता के निर्णायक के रूप में राजू मुखर्जी, ब्यूटी तिवारी और तापसी राय ने प्रतिभागियों के कार्यों का मूल्यांकन किया.
आज होगा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन
कार्निवल के दूसरे दिन रविवार को सुबह 8 बजे से नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. इस प्रतियोगिता में देवांजली राय चौधरी निर्णायक की भूमिका निभाएंगी. विजेताओं को रविवार संध्या में सम्मानित किया जाएगा.
गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम के दौरान बनश्री सरकार, संदीप सिन्हा चौधुरी, शिल्पी सिंह, अभिषेक सिंह, गोबिंद मुखर्जी, शम्पा गांगुली, देबश्री नाग, सोमा सेनगुप्ता, तपती दत्ता, बुलबुल घोष, मौसमी दास, प्रिया शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

