
उदित वाणी, जमशेदपुर : श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शनिवार को ‘इंटर कॉलेज स्पोर्ट्स एंड गेम्स 2026’ का आयोजन हुआ, जिसमें एमओयू के तहत रंभा कॉलेज, डीबीएमएस कॉलेज और विवेकानंद कॉलेज के विद्यार्थियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो ने खेलों को शारीरिक स्वास्थ्य और टीम भावना के लिए अनिवार्य बताया. खेल प्रशिक्षक सूर्यजीत सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में कैरम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन के रोमांचक मुकाबले देखने को मिले.
कैरम के पुरुष एकल में विवेकानंद कॉलेज के दीपक गोप ने जीत दर्ज की, जबकि पुरुष युगल में रम्भा कॉलेज के सुनील और सौरव की जोड़ी विजेता रही. महिला वर्ग में मेजबान श्रीनाथ कॉलेज का दबदबा रहा, जहाँ एकल में रौशनी कुमारी और युगल में अन्नू व रितु की जोड़ी ने बाजी मारी. टेबल टेनिस में भी श्रीनाथ कॉलेज के खिलाड़ियों का वर्चस्व रहा, जिसमें अमित कुमार राणा और सुप्रिया जोंको ने एकल खिताब जीते, जबकि युगल स्पर्धाओं में भी इसी कॉलेज की जोड़ियों ने जीत हासिल की. मीडिया प्रभारी रचना रश्मि के अनुसार, बैडमिंटन प्रतियोगिता के जारी रहने के दौरान भी खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखा गया. यह आयोजन संस्थानों के आपसी सहयोग और छात्रों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ.

