
उदित वाणी, चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर चिलगु के समीप जर्जर पुल और डायवर्शन को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब जमीन पर दिखने लगा है. दैनिक अखबार ‘उदित वाणी’ में प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे के बाद एनएचआई ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की.
खबर में पुल निर्माण में हो रही देरी तथा सड़क किनारे महीनों से जमी धूल-मिट्टी के कारण बढ़ते सड़क हादसों को प्रमुखता से उजागर किया गया था. विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति बेहद खतरनाक बन चुकी थी, जहां ढीली मिट्टी के कारण संतुलन बिगड़ने से कई लोग दुर्घटनाग्रस्त हो चुके थे.

मामले की गंभीरता को देखते हुए एनएचआई ने शनिवार दोपहर को सफाई अभियान चलाकर पुल और आसपास की सड़क से धूल-मिट्टी हटवा दी. इस पहल से स्थानीय लोगों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है. लोगों ने उम्मीद जताई है कि अब निर्माण कार्य में भी तेजी लाई जाएगी, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके.

