
उदित वाणी, जमशेदपुर : झामुमो पोटका प्रखंड कमेटी ने हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 12 वर्षीय बच्ची की हत्या के मामले को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए आरोपी भाजपा नेता भीम राम को फांसी देने की मांग की है. शुक्रवार को हाता स्थित विधायक कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में नेताओं ने इस जघन्य घटना की तीखी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग उठाई.
कड़ी सजा की मांग, पुलिस कार्रवाई की सराहना
प्रेसवार्ता में झामुमो नेता सुनील महतो, बबलू चौधरी एवं पूर्व पार्षद सह प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन ने कहा कि यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है. उन्होंने मांग की कि मामले में शामिल सभी दोषियों को शीघ्र फांसी की सजा दी जाए. साथ ही, राज्य पुलिस द्वारा तत्परता और सूझबूझ के साथ मामले के खुलासे की सराहना भी की.
राजनीतिक साजिश का आरोप
नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा इस तरह के तत्वों को संरक्षण देकर राज्य सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास करती रही है. उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद भाजपा बौखलाहट में इस प्रकार की घटनाओं को बढ़ावा दे रही है. साथ ही, उन्होंने राज्य सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के लिए किए जा रहे प्रयासों को सराहा.
प्रेसवार्ता में झामुमो के हितेश भकत, त्रिलोचन टुडू, चक्रधर महतो, श्याम चरण सरदार, फलिंदर गोप, गुड्डू पाल, हराधन मुंडा, सालखान हेंब्रम, बापी गोप और पुतुल सरदार सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

