
उदित वाणी,जमशेदपुर: जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने गुरुवार को रेल भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रेनों की देरी और बढ़ते कंजेशन के गंभीर मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर बताया कि मंडल में मालगाड़ियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे यात्री ट्रेनों का संचालन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

सांसद ने जानकारी दी कि चक्रधरपुर डिवीजन में प्रतिदिन लगभग 249 मालगाड़ियां संचालित हो रही हैं, जबकि यात्री ट्रेनों की संख्या महज 25 से 30 के बीच है। टाटा स्टील, रुंगटा और नोवोको विस्टास जैसी औद्योगिक इकाइयों से बड़ी संख्या में मालगाड़ियां प्रतिदिन इस रूट से गुजरती हैं। इसके अलावा गुवा, बड़बिल और जोड़ा खदान क्षेत्रों से भी भारी मात्रा में माल ढुलाई इसी रेलखंड पर निर्भर है, जिससे ट्रैक पर अत्यधिक दबाव बना हुआ है।
इस समस्या के समाधान के लिए सांसद ने कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे। उन्होंने नीमडीह–पटमदा–कटिन बंधुआन होते हुए नई रेल लाइन बिछाकर पुरुलिया–झारग्राम से जोड़ने की मांग की, ताकि खड़गपुर की ओर जाने वाली मालगाड़ियां टाटानगर को बायपास कर सकें। साथ ही बिरबांस, सिनी, राजखरसावां सहित कई स्टेशनों पर अतिरिक्त लूप लाइन निर्माण और टाटानगर जंक्शन पर प्लेटफॉर्म की संख्या बढ़ाकर 10 करने का सुझाव दिया।
इसके अलावा आदित्यपुर–सलगाझारी तीसरी लाइन के शीघ्र संचालन और यात्री व मालगाड़ियों के बीच संतुलन बनाने के लिए 2:1 अनुपात लागू करने पर भी जोर दिया गया। सांसद ने टाटानगर से जयपुर, बेंगलुरु और मुंबई के लिए नई ट्रेनों की मांग भी रखी।
रेल मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। वहीं, मकदुमपुर में रेल ओवरब्रिज/अंडरब्रिज निर्माण को मिली स्वीकृति से स्थानीय लोगों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। सांसद ने इसके लिए आभार जताया।

