
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत मुर्गा महादेव स्टेशन के समीप सोमवार दोपहर एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जब एक मालगाड़ी के दो डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए. घटना करीब दोपहर 12 बजे की बताई जा रही है. हादसे के तुरंत बाद अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे इस व्यस्त रेल मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.
घटना की सूचना मिलते ही चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय और डांगुवापोसी से राहत एवं बचाव टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना कर दी गईं थी. रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रिलीफ ट्रेन को घटनास्थल पर भेजा, जहां पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया था. अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं.
मालगाड़ी के बेपटरी होने से इस महत्वपूर्ण रेल खंड पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई. कई यात्री ट्रेनों के समय में बदलाव या उन्हें बीच रास्ते में रोके जाने की संभावना जताई जा रही थी. जिसे देखते हुए रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर भी विचार शुरू कर दिया था.
इस घटना ने रेलवे महकमे में हलचल बढ़ा दी है, खासकर इसलिए क्योंकि यह हादसा उस समय हुआ जब दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार मिश्रा मंडल के दौरे पर थे. वे टाटानगर में एक आधुनिक ट्रेनिंग सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे.
गौरतलब है कि इससे पहले भी उनके विभिन्न दौरों के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल प्राथमिकता के आधार पर डाउन लाइन को बहाल कर दिया गया है. जबकि वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए थे.

