
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के सरायकेला-खरसावां मुख्य मार्ग पर मुक्ति पोखर के समीप शुक्रवार रात एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया.
मिली जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय राजू महतो के रूप में हुई है, जो खरसावां प्रखंड के बंदीराम गांव का निवासी है. बताया जा रहा है कि राजू महतो अपने दोस्तों के साथ टीउनिया गांव में आयोजित मेला देखने गया था. मेला समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था.
इसी दौरान मुक्ति पोखर के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक की तेज हेडलाइट अचानक उसकी आंखों पर पड़ गई. तेज रोशनी के कारण वह कुछ पल के लिए असंतुलित हो गया और उसकी बाइक नियंत्रण से बाहर होकर सड़क पर गिर गई. गिरने से उसके सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है.

