
उदित वाणी झारखंड: बोकारो हवाई अड्डे से लंबे समय से प्रतीक्षित उड़ान सेवा शुरू नहीं होने पर अब राजनीति गरमा गई है। हाल ही में धनबाद के भाजपा सांसद ढुल्लू महतो द्वारा धनबाद में एयरपोर्ट निर्माण के लिए दिए गए धरने के बाद, बोकारो के हक की आवाज भी बुलंद होने लगी है।
मंजूर अंसारी का 2 मई को महा-धरना
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मंजूर अंसारी ने इस दिशा में एक बड़ी पहल की है। उन्होंने घोषणा की है कि ‘हवाई अड्डा बचाओ संघर्ष समिति’ के बैनर तले 2 मई को बोकारो एयरपोर्ट के मुख्य गेट के सामने विशाल धरना दिया जाएगा। बोकारो सर्किट हाउस में मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने इस आंदोलन की रूपरेखा साझा की।
गैर-राजनीतिक मंच पर एकजुटता की अपील
मंजूर अंसारी ने स्पष्ट किया कि यह धरना किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे बोकारो का होगा। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक बैनर नहीं है; इसमें सभी दलों के नेताओं और जनप्रतिनिधियों को शामिल होना चाहिए। उनका मानना है कि जब तक सभी पक्ष एकजुट नहीं होंगे, तब तक केंद्र और राज्य सरकार के बीच की बाधाएं दूर नहीं होंगी।
विकास का ‘माइलस्टोन’ बनेगा एयरपोर्ट
अंसारी के अनुसार, बोकारो एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है और यहाँ से हवाई सेवा का शुरू होना विकास के लिए ‘मील का पत्थर’ साबित होगा। उन्होंने मांग की कि जो भी तकनीकी त्रुटियां या प्रशासनिक बाधाएं बची हैं, उन्हें अधिकारी, राज्य सरकार और केंद्र सरकार मिलकर तुरंत दूर करें ताकि उड़ान सेवा जल्द बहाल हो सके।

