
उदित वाणी, जमशेदपुर : यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा को लेकर टाटानगर समेत रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स की ओर से चक्रधरपुर रेलवे मंडल के विभिन्न पोस्टों पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत रेलवे संपत्ति चोरी और अन्य मामलों में लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है.
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को आरपीएफ टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कई वारंटियों को गिरफ्तार किया. सभी आरोपियों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रेलवे अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
रेलवे सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में होने वाली चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी. इसके लिए आरपीएफ की टीमें लगातार निगरानी और छापेमारी कर रही हैं.
इधर, रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई. आरपीएफ ने स्टेशन परिसर और ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा, अवैध रूप से घूमने तथा अन्य रेलवे प्रावधानों का उल्लंघन करने के आरोप में दो दर्जन से अधिक लोगों को पकड़ा. सभी को रेलवे अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां उन्होंने जुर्माना अदा कर जमानत प्राप्त की. आरपीएफ अधिकारियों ने साफ किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और रेलवे संपत्ति की रक्षा के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.

