
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर में तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बाइकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस अभियान में पुलिस ने 42 बुलेट मोटरसाइकिलों को पकड़ा और उनके चालकों से कुल 2.10 लाख रुपये का जुर्माना वसूला।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व यातायात डीएसपी नीरज पाठक ने किया।
यातायात पुलिस की टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान विशेष रूप से उन बाइकों को रोका गया जिनमें तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे हुए थे।
डीएसपी नीरज पाठक ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पकड़ी गई सभी बुलेट मोटरसाइकिलों से मॉडिफाइड साइलेंसर मौके पर ही जब्त कर लिए गए।
उन्होंने कहा कि तेज आवाज वाले साइलेंसर से न सिर्फ ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि इससे आम लोगों को भी परेशानी होती है। फिलहाल जब्त किए गए साइलेंसरों को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। यातायात पुलिस ने साफ किया है कि आगे भी इस तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।

