
उदित वाणी, जमशेदपुर : घाघीडीह भाजपा मंडल अध्यक्ष आनंद कुमार पर हुए कथित कातिलाना हमले के मामले में अब नया मोड़ आ गया है. बागबेड़ा थाना क्षेत्र के घाघीडीह गंगोत्री कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन कर आनंद कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. अमित कुमार ने दावा किया कि आनंद कुमार ने उनके साथ धोखाधड़ी की है और उनके तथा उनके बेटे पर जानलेवा हमला कराया गया. साथ ही मारपीट के दौरान उनके गले से सोने की चेन और ब्रेसलेट भी छीन लिए गए. इस संबंध में उन्होंने परसुडीह थाना में एफआईआर दर्ज कराई है.
अमित कुमार के अनुसार हाल के दिनों में उन्हें कुछ परिचितों के फोन आए, जिनमें बताया गया कि आनंद कुमार उनके बेटे के खिलाफ झूठी अफवाह फैला रहे हैं. आरोप है कि आनंद यह प्रचार कर रहे हैं कि अमित कुमार का बेटा ड्रग्स मामले में कदमा थाना में बंद था और उसे पांच लाख रुपये देकर छुड़ाया गया. अमित ने इसे पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि इससे पहले भी आनंद कुमार उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए लोगों से फोन करवाते रहे हैं.
अमित कुमार ने बताया कि 11 मार्च को दोपहर करीब एक बजे वह अपने बेटे के साथ जमीन की रजिस्ट्री कराने सरायकेला जा रहे थे. इसी दौरान साई कॉम्प्लेक्स के पास उनकी मुलाकात आनंद कुमार से हो गई. उन्होंने बातचीत के लिए गाड़ी रुकवाई, जिससे आनंद कुमार गिर पड़े और इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि इसके बाद आनंद कुमार और उनके साथ मौजूद पांच लोगों ने उनके बेटे पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे अमित कुमार के साथ भी मारपीट की गई और इस दौरान उनकी सोने की चेन व ब्रेसलेट छीन लिए गए. किसी तरह वे दोनों वहां से जान बचाकर निकल सके.
अमित कुमार ने यह भी आरोप लगाया कि आनंद कुमार ने उनके घर पर अवैध कब्जा कर रखा है और बिजली बिल बकाया होने के बावजूद अपनी पत्नी मधुलिका रानी के नाम से नया कनेक्शन ले लिया है. उन्होंने बताया कि 60 लाख रुपये देकर आनंद कुमार के नाम पर खरीदी गई जमीन का एग्रीमेंट उनके पास है, लेकिन अब रजिस्ट्री नहीं की जा रही. अमित ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है.

