
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में संभावित आपराधिक घटना को टालते हुए पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई. मामले की जानकारी गुरुवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी.
पुलिस के अनुसार 11 मार्च को सूचना मिली थी कि बिष्टुपुर से एक युवक ऑटो में बैठकर टाटानगर स्टेशन की ओर जा रहा है और उसके पास अवैध हथियार है. आशंका जताई गई थी कि वह किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के मार्गदर्शन में बिष्टुपुर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.
टीम ने बिष्टुपुर से टाटानगर स्टेशन जाने वाले मार्ग पर संदिग्धों की जांच शुरू की. इसी दौरान एक युवक पुलिस को संदिग्ध स्थिति में मिला. पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक बैग बरामद किया गया. इसके बाद मौके पर ही युवक को गिरफ्तार कर लिया गया.
गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश गोराई उर्फ छोटू (24 वर्ष) के रूप में हुई है. वह सोनारी थाना क्षेत्र के मंदिर रोड का रहने वाला है. वर्तमान में वह सोनारी के मिलन नगर, बी ब्लॉक स्थित बाबू क्लब के पीछे रह रहा था. इस संबंध में बिष्टुपुर थाना में 12 मार्च मामला दर्ज किया गया है.
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक हथियार लेकर कहां जा रहा था और इसके पीछे उसका क्या उद्देश्य था. पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है.

