
उदित वाणी, जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित श्री श्री नामदा बस्ती कालीबाड़ी में मां शीतला का वार्षिक अनुष्ठान श्रद्धा और भक्ति के साथ धूमधाम से मनाया गया. इस अवसर पर मंदिर कमेटी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. सभी ने मिलकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया.
मंगल आरती से हुआ अनुष्ठान का शुभारंभ
अनुष्ठान की शुरुआत सुबह पांच बजे मां शीतला की मंगल आरती के साथ हुई. इसके बाद पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार 108 नारियल के जल से मां शीतला का पवित्र स्नान कराया गया. सुबह सात बजे मां का भव्य श्रृंगार किया गया, जिसमें फूलों और विभिन्न पूजन सामग्रियों से माता को सजाया गया.
विशेष पूजा-अर्चना और भोग वितरण
श्रृंगार के बाद सुबह 11 बजे विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई. इस पूजा को मंदिर के पुरोहित आशित भट्टाचार्य, प्रवीर मुखर्जी, दीपक चक्रवर्ती, विवेक चक्रवर्ती, स्वपन बनर्जी और माणिक ने विधि-विधान के साथ संपन्न कराया.
पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद और भोग का वितरण किया गया. भक्तों ने मां शीतला के चरणों में मत्था टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की. पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना रहा और कार्यक्रम श्रद्धा तथा उल्लास के साथ संपन्न हुआ.

