
उदित वाणी, जमशेदपुर: न्यूवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने 31 मार्च, 2023 को समाप्त तिमाही में 201.06 करोड़ रुपये का कर उपरांत लाभ (पीएटी) दर्ज किया है.
कंपनी ने अपने घोषित वित्तीय परिणामों में बताया है कि पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 29.11 करोड़ रुपये का पीएटी दर्ज किया था. कंपनी की आखिरी तिमाही में नेट कंसोलिडेटेड आय 2,930.96 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही में दर्ज 2,940.26 करोड़ रुपये से 0.32 प्रतिशत कम थी.
31 मार्च 2023 को समाप्त वर्ष के लिए परिचालन से कंसोलिडेटेड राजस्व वर्ष दर वर्ष 14 प्रतिशत बढ़कर 10,586 रुपये हो गया. कंसोलिडेटेड सीमेंट बिक्री की मात्रा वित्त वर्ष 23 में वर्ष दर वर्ष आधार पर 5 प्रतिशत बढ़कर 18.8 मिलियन टन हो गई.
कंपनी ने बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने के साथ ही उत्पादन क्षमता का भी विस्तार किया है.जयकुमार कृष्णस्वामी, प्रबंध निदेशक, न्यूवोको विस्टास कार्पोरेशन लिमिटेड ने तिमाही के परिणामों पर कहा कि व्यापक आर्थिक संकेतक इस क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक दृष्टिकोण प्रदर्शित करते हैं, क्योंकि मार्च-23 में भारत में वार्षिक उपभोक्ता मुद्रास्फीति 5.7 प्रतिशत तक कम हो गई और ईंधन कीमतें अपने उच्च स्तर से कम हुई हैं.
सरकार के पूंजीगत व्यय पर जोर, विनिर्माण में बेहतर क्षमता उपयोग, दोहरे अंकों में क्रेडिट ग्रोथ और कमोडिटी की काफी हद तक उचित कीमतों के चलते अर्थव्यवस्था में विनिर्माण और निवेश गतिविधि बढ़ने की उम्मीद है.
बुनियादी ढांचे और ग्रामीण आवास के विकास पर सरकार के निरंतर ध्यान के साथ वित्त वर्ष 2023-24 में सीमेंट की मांग मजबूत रहने की उम्मीद है.

