
उदित वाणी, चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला उद्योग केंद्र, चाईबासा द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों से संबंधित समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने जिले में संचालित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन का अवलोकन किया.
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 18 ट्रेड में प्रशिक्षण
बैठक के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत विभिन्न 18 ट्रेड में कुल 10,162 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इन आवेदनों की तीन चरणों में जांच करते हुए पात्र लाभुकों को अलग-अलग ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके साथ ही उन्हें उनके कार्य से संबंधित टूलकिट से भी आच्छादित किया जा रहा है.
सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना: 215 आवेदन, 30 को ऋण स्वीकृत
प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जिले को 135 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि इसके विरुद्ध अब तक कुल 215 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें से 30 आवेदनों पर ऋण स्वीकृत किया गया है तथा 82 आवेदन जिले के विभिन्न बैंकों में लंबित हैं. इस पर उपायुक्त ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र को निर्देश दिया कि विभिन्न बैंकों के प्रबंधकों से समन्वय स्थापित करते हुए लंबित ऋण आवेदनों का जल्द निष्पादन सुनिश्चित किया जाए.
प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना: 151 आवेदन अनुशंसित
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना की भी समीक्षा की गई. बताया गया कि जिले में कुल 151 आवेदन अनुशंसित किए गए हैं, जिनमें से 21 आवेदनों पर ऋण स्वीकृत किया गया है और 66 आवेदन विभिन्न बैंकों में लंबित हैं.
सोनुआ में चिरौंजी उत्पादन इकाई की स्थापना पर काम
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिले में चिरौंजी उत्पादन इकाई की स्थापना के लिए सोनुआ में कार्य प्रगति पर है. इसके अलावा मुख्यमंत्री लघु एवं कुटीर विकास बोर्ड के अंतर्गत विशेष घटक योजना तथा कौशल उन्नयन योजना के तहत प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण भी दिया गया है.
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने योजनाओं की प्रगति से जुड़ी जानकारी उपायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की.

