
उदित वाणी रांची: झारखंड के 48 शहरी निकायों में हुए चुनाव के 47 परिणाम घोषित हो चुके हैं। अब तक सामने आए नतीजों के अनुसार राज्य की शहरी राजनीति में इस बार बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिला। घोषित परिणामों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने 13 निकायों में जीत दर्ज की है, जबकि झामुमो समर्थित उम्मीदवार 11 निकायों में विजयी रहे हैं। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी तीन स्थानों पर जीते हैं और सर्वाधिक 18 निकायों में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। एक सीट सीपीआई(एमएल) समर्थित प्रत्याशी के खाते में गई है।
प्रमुख नगर निगमों के परिणाम
नौ नगर निगमों में से आठ में मेयर पद के परिणाम घोषित हो चुके हैं। रांची नगर निगम में भाजपा समर्थित रोशनी खलखो ने कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को पराजित किया। मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित अरुणा शंकर विजयी रहीं।
हजारीबाग में स्वतंत्र प्रत्याशी अरविंद राणा ने जीत दर्ज की। देवघर और गिरिडीह में झामुमो समर्थित क्रमशः रवि राउत और प्रमिला मेहरा विजयी रहे। आदित्यपुर में भाजपा समर्थित संजय सरदार ने बाजी मारी, जबकि मानगो नगर निगम में कांग्रेस समर्थित सुधा गुप्ता ने जीत हासिल की। धनबाद में स्वतंत्र प्रत्याशी संजीव सिंह बढ़त बनाए हुए हैं और अंतिम परिणाम की प्रतीक्षा है।
छोटे निकायों में निर्दलीयों का प्रभाव
39 नगर पंचायत और नगर परिषदों के परिणाम भी घोषित हो चुके हैं। इनमें 17 पर निर्दलीय प्रत्याशी विजयी रहे, 10 पर भाजपा समर्थित, 9 पर झामुमो समर्थित, 2 पर कांग्रेस समर्थित और 1 पर सीपीआई(एमएल) समर्थित प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
नगर पंचायतों और नगर परिषदों में भी कई स्थानों पर निर्दलीयों का दबदबा देखने को मिला। चुनाव परिणामों से स्पष्ट है कि मतदाताओं ने स्थानीय मुद्दों, प्रत्याशियों की व्यक्तिगत छवि और जमीनी सक्रियता को प्राथमिकता दी है।
कुल जीत का वितरण (47 निकाय)
-
निर्दलीय – 18 (सर्वाधिक)
-
भाजपा समर्थित – 13
-
झामुमो समर्थित – 11
-
कांग्रेस समर्थित – 3
-
सीपीआई(एमएल) समर्थित – 1
इन परिणामों से झारखंड की शहरी राजनीति में नए समीकरण उभरने के संकेत मिले हैं।

