
उदित वाणी, रांची : राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 48 नगर निकायों के चुनावों में डाले गए वोटों की गिनती के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है. मतगणना 27 फरवरी की सुबह 8 बजे से शुरू होगी और पूरे राज्य में कुल 1309 टेबलों पर वोटों की गिनती करायी जायेगी. राज्य के 48 निकायों में कुल 63.05 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया है. आयोग के निर्देश पर सभी जिलों में मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है. जिसके तहत सुरक्षा व्यवस्था, काउंटिंग सेंटर, स्टाफ की तैनाती और सीसीटीवी निगरानी शामिल है. सभी काउंटिंग सेंटरों में तीन स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था होगी. जिसमें पुलिस, सीआरपीएफ और स्थानीय फोर्स शामिल हैं.
प्रत्येक टेबल पर पर्यवेक्षक, कैंडिडेट एजेंट और मीडिया की निगरानी रहेगी. वार्ड पार्षद और मेयर-अध्यक्ष के लिए मतगणना अलग-अलग होगी. जिसमें पार्षदों की गिनती मल्टी राउंड में और मेयर की सिंगल या कम राउंड में होगी. गिनती की प्रक्रिया शुक्रवार को ही पूरी होने की उम्मीद है. लेकिन निकायों के आकार, वार्डों की संख्या और राउंड्स के आधार पर कुछ जगहों पर शाम तक या अगले दिन तक परिणाम घोषित हो सकते हैं. प्रत्येक राउंड की गिनती के बाद आंशिक परिणामों की घोषणा की जाएगी और अंतिम रिजल्ट प्रमाणित होने के बाद जारी किया जाएगा. जानकारी के मुताबिक छोटे निकायों में 2-3 राउंड में गिनती पूरी हो सकती है. जबकि बड़े नगर निगमों जैसे रांची में 5 राउंड, चास नगर निगम में 9 राउंड तक लग सकते हैं. आयोग ने कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष होगी.
सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं
आयोग ने सभी काउंटिंग सेंटरों को छावनी में तब्दील करने के निर्देश दिया है. मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस पर प्रतिबंध रहेगा. प्रत्येक सेंटर पर मेडिकल टीम, बिजली बैकअप और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था होगी. कैंडिडेट्स को एजेंट नियुक्त करने की अनुमति दी गई है. लेकिन नियमों का पालन करना अनिवार्य है. आयोग ने अपील की है कि अफवाहों से बचें और शांतिपूर्ण तरीके से मतगणना प्रक्रिया पूरी होने दें.

