
उदित वाणी, जमशेदपुर : प्रसिद्ध अभिनेत्री रसिका दुग्गल ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है. उन्होंने आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स में बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का पुरस्कार जीतकर अपनी उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ ली है. यह सम्मान उन्हें दिल्ली क्राइम सीजन 2 में उनके प्रभावशाली अभिनय के लिए मिला है. सोशल मीडिया पर इस खुशी को साझा करते हुए रसिका ने लिखा: “थैंक यू आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स फॉर #BestSupportingActor फॉर #DelhiCrimeSeason…”. इवेंट की खूबसूरत बैकड्रॉप के सामने ट्रॉफी थामे रसिका की तस्वीर में वे आत्मविश्वास और शालीनता से चमक रही हैं.
मुश्किल किरदारों को किया है
गोल्ड-टोन वाले शानदार परिधान में सजी रसिका ने शाम की भव्यता को और निखारा. उनकी सादगी भरी लेकिन शक्तिशाली स्क्रीन उपस्थिति हमेशा चर्चा में रहती है. उन्होंने फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर मुश्किल किरदारों को गहराई, संवेदना और सच्चाई के साथ पेश किया है. दिल्ली क्राइम सीजन 2 में उनका किरदार एक बार फिर उनकी बहुमुखी प्रतिभा का प्रमाण बना.
जमशेदपुर से गहरा नाता
रसिका दुग्गल का जमशेदपुर से विशेष लगाव है. उन्होंने अपनी पढ़ाई इसी स्टील सिटी में पूरी की और यहीं से अपनी शुरुआत की. छोटे शहरों से निकलकर बड़े सपने देखने वाले कलाकारों के लिए रसिका का सफर प्रेरणादायक है. उन्होंने मुख्यधारा और स्वतंत्र प्रोजेक्ट्स दोनों में सराहनीय काम किया है. आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड्स में यह जीत उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दोहराती है और उन्हें भारत की सबसे प्रतिभाशाली अभिनेत्रियों में शुमार करती है. यह जीत न केवल रसिका की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि जमशेदपुर के लिए भी गर्व का क्षण है. शहर अपनी प्रतिभाशाली बेटी की सफलता को सेलिब्रेट कर रहा है.

