
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के हलुदबनी नामोटोला निवासी एक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. मृतक की पहचान शुभ्र ज्योति नंदी के रूप में हुई है. वह आदित्यपुर स्थित एक निजी कंपनी में पार्ट टाइम कार्य करता था और जोमैटो के लिए डिलीवरी का काम भी करता था.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात ड्यूटी से घर लौटते समय साकची गोल चक्कर के समीप एक ट्रक ने उसे टक्कर मार दी. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. घायल युवक को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
परिजनों को रात करीब 11:30 बजे दुर्घटना की खबर मिली. वे तुरंत साकची गोल चक्कर पहुंचे, जहां से उन्हें अस्पताल ले जाए जाने की जानकारी मिली. बताया जा रहा है कि शुभ्र ज्योति नंदी परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है.

