
उदित वाणी, जमशेदपुर : उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी गुरुवार को एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे. उनके आगमन से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया.
उपायुक्त ने मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधा संवाद कर उनका हाल जाना. अस्पताल में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने कई बिंदुओं पर जांच-पड़ताल की और अस्पताल अधीक्षक व चिकित्सकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान कई मामले उनके संज्ञान में आए. उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल अब पूरी तरह संचालन मोड में आ चुका है. जरूरी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त कर दिया गया है. पानी की समस्या को देखते हुए अस्पताल अधीक्षक एवं मांगो नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं. दोनों को आपसी समन्वय स्थापित कर गर्मी से पूर्व अस्पताल में पानी की मुकम्मल व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया.
इस दौरान उपायुक्त ने करीब एक घंटे तक अस्पताल के विभिन्न वार्डों और कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया.

