
उदित वाणी, नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है, लेकिन इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के फैंस के लिए बुरी खबर है. CSK के दिग्गज विकेटकीपर-बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के शुरुआती 2 हफ्तों से बाहर हो गए हैं. धोनी का पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण शुरुआती 2 हफ्तों तक खेलना मुश्किल होगा.
अनुभवी खिलाड़ी धोनी अगर शुरुआती दो हफ्तों तक इस सीजन में नहीं खेलते, तो यह टीम के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है. सीएसके ने अब तक 5 आईपीएल खिताब जीते हैं. ये सभी ट्रॉफी धोनी की कप्तानी जीती गई हैं.
इस बीच पूर्व भारतीय क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन ने 5 बार की चैंपियन टीम के लिए अपनी सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन चुनी है, जिसमें ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के विकल्प भी शामिल हैं.
आईपीएल 2026 में सीएसके 30 मार्च से अपने अभियान की शुरुआत करेगी. फ्रेंचाइजी ने बताया है कि धोनी अभी पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव के लिए रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं, जिसके चलते उनके आईपीएल 2026 के पहले दो हफ्तों से बाहर रहने की आशंका है.
रविचंद्रन अश्विन ने विकेटकीपर के तौर पर संजू सैमसन को चुना है. वह कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी की शुरुआत भी करेंगे. सीएसके के इस पूर्व खिलाड़ी ने अगले तीन स्थानों पर तीन आक्रामक बल्लेबाजों को रखा है. इनमें नंबर 3 पर उर्विल पटेल, नंबर 4 पर बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस और उसके बाद नंबर 5 पर भारत के टी20 विश्व कप 2026 के ऑलराउंडर शिवम दुबे शामिल हैं.
अश्विन ने नंबर 6 की पोजीशन के लिए दो विकल्प दिए हैं. उनकी पहली पसंद सरफराज खान हैं, जबकि दूसरे विकल्प भारत की अंडर 19 विश्व कप विजेता टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे हैं. भारत के इस पूर्व स्पिनर ने प्रशांत वीर को नजरअंदाज करते हुए नंबर 7 के स्थान के लिए कार्तिक शर्मा को चुना है.
अश्विन ने गेंदबाजी विभाग में अकील हुसैन और नूर अहमद को मुख्य स्पिनर के तौर पर चुना है. इनमें हुसैन नंबर 8 पर बल्लेबाजी से भी योगदान देने में सक्षम हैं. तेज गेंदबाजी के आक्रमण के लिए उन्होंने मैट हेनरी और खलील अहमद को चुना है. अश्विन ने ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ के लिए चार विकल्प सुझाए हैं. इनमें अंशुल कंबोज, श्रेयस गोपाल, रामकृष्ण घोष और राहुल चाहर शामिल हैं.
अश्विन की सीएसके प्लेइंग इलेवन:
संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, सरफराज खान/आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा, अकील हुसैन, नूर अहमद, मैट हेनरी, खलील अहमद.
इम्पैक्ट प्लेयर: अंशुल कंबोज/श्रेयस गोपाल/रामकृष्ण घोष/राहुल चाहर.
(आईएएनएस)

