उदित वाणी, जमशेदपुर/गुवाहाटी: असम के गुवाहाटी स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सरूसजाई में 25 से 28 मार्च तक आयोजित द्वितीय पारा लॉन बाउल राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2026 में झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए. प्रतियोगिता का आयोजन पारा इंडियन लॉन बॉल फेडरेशन के तत्वावधान में असम पारा लॉन बॉल द्वारा किया गया.
झारखंड की ओर से पवन लकड़ा, मुकेश कंचन और अनिता तिर्की ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया और विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन किया.
खिलाड़ियों का प्रदर्शन
बी 6 श्रेणी की एकल प्रतियोगिता में पवन लकड़ा ने मध्य प्रदेश के साथ ड्रॉ खेला और दिल्ली को हराकर कांस्य पदक हासिल किया.
बी 7 श्रेणी की एकल स्पर्धा में मुकेश कंचन ने दिल्ली और उत्तराखंड को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया.
वहीं बी 8 श्रेणी में अनिता तिर्की ने उत्तराखंड को हराने के बाद फाइनल में दिल्ली से मुकाबला किया और रजत पदक जीता.
इसके अलावा बी 7 श्रेणी की डबल स्पर्धा में मुकेश कंचन और पवन लकड़ा की जोड़ी ने असम और मध्य प्रदेश को हराते हुए रजत पदक हासिल किया.
पदाधिकारियों ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर पैरालंपिक कमिटी झारखंड के अध्यक्ष जटा शंकर तथा झारखंड लॉन बॉलिंग फेडरेशन के डॉ. मधुकांत पाठक, राहुल मेहता और सरिता सिन्हा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. झारखंड के खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है.


