
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी 75वीं सीनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए झारखंड पुरुष एवं महिला बास्केटबॉल टीम चेन्नई के लिए रवाना हो गई. प्रतियोगिता का आयोजन 4 से 11 जनवरी 2026 तक किया जाएगा. इससे पूर्व टीमों का 18 से 30 दिसंबर तक प्रशिक्षण शिविर धतकीडीह कम्युनिटी सेंटर बास्केटबॉल ग्राउंड, जमशेदपुर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ.
शिविर के समापन अवसर पर जमशेदपुर के विधायक सरयू राय ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और रूंगटा स्टील द्वारा प्रायोजित टीम की आधिकारिक जर्सी वितरित की. उन्होंने खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के दौरान राशन एवं पोषण सामग्री की व्यवस्था कर महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया.
इस अवसर पर मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान भी उपस्थित रहे. झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय कोच जे. पी. सिंह ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से पूर्व टीम के लिए अत्यंत लाभकारी रहा है.
झारखंड पुरुष टीम में शोएब खान, अताउल हुसैन, विमलेश, राहुल, सुशांत दीप, जगन्नाथ गोप, शेख आफताब उद्दीन, विश्वजीत सिंह, अतुल, रवि शंकर पांडेय, आकाश कुमार और अखिलेश कुमार टुडू शामिल हैं. टीम के मुख्य कोच जे. पी. सिंह हैं, जबकि आरिफ आफताब कोच और विशाल टीम मैनेजर की भूमिका संभाल रहे हैं.
महिला टीम में अंकिता समद, वी. संजना, तिशा केशरी, जेनिस टोप्पो, अन्नपूर्णा मिश्रा, सुलगना बेहेरा, गुरप्रीत कौर, आरुषि वर्मा, जेनिफर लकड़ा, सियानू, आकांक्षा लकड़ा और जिडेन बारला शामिल हैं. मुख्य कोच देव ज्योति घोष तथा कोच किंकर कृष्णा टीम के साथ रहेंगे.
प्रशिक्षण शिविर के संचालन और व्यवस्था में जलाल शेख, अज़हर खान, निज़ाम अली और दीपक ने अहम भूमिका निभाई. खिलाड़ियों ने भी विधायक सरयू राय और झारखंड बास्केटबॉल संघ का आभार जताया कि उनके सहयोग से उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए मजबूत तैयारी का अवसर मिला.

