
उदित वाणी, जमशेदपुर: एफसी गोवा ने शनिवार को शाम फटोर्डा स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 मुकाबले में केरला ब्लास्टर्स एफसी को 2-0 से हरा दिया. इस जीत से गौर्स ने न केवल ब्लास्टर्स पर चौथी बार लीग डबल पूरा किया बल्कि अपने दूसरे स्थान को मजबूती भी दी. मेजबान टीम की जीत में स्पेनिश स्ट्राइकर इकर ग्वारोटक्सेना ने 46वें और अटैकिंग मिडफील्डर मोहम्मद यासिर ने 73वें मिनट में गोल किए.
स्पेनिश स्ट्राइकर इकर ग्वारोटक्सेना को पहला गोल करने और दूसरे में सहायता देने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया. एफसी गोवा 21 मैचों में 12 जीत, छह ड्रा और तीन हार से 42 अंक लेकर तालिका में दूसरे स्थान पर मजबूती के साथ बैठी है. वहीं, केरला ब्लास्टर्स एफसी 21 मैचों में सात जीत, तीन ड्रा और 11 हार से 24 अंक लेकर तालिका में आठवें से 10वें स्थान पर लुढ़क गई है और उसके प्लेऑफ में पहुंचने की संभावना लगभग खत्म हो गई है.

