
उदित वाणी, जमशेदपुर : एआईएफएफ एलीट लीग फाइनल राउंड के अपने पहले मैच में जमशेदपुर एफसी अंडर-18 टीम को क्लासिक फुटबॉल एकेडमी के खिलाफ 2-2 से रोमांचक ड्रा मिला. मैच के अंतिम क्षणों में लॉमसांगजुआला (मामा) की स्टॉपेज टाइम पेनल्टी ने जूनियर मेन ऑफ स्टील को हार से बचा लिया. मैच शुरू से ही दोनों तरफ से खुला और रोमांचक रहा. जमशेदपुर एफसी यू-18 ने शुरुआत में अच्छा प्रदर्शन किया और शुरुआती हावी रहा. टीम की मेहनत 11वें मिनट में रंग लाई, जब मामा ने शानदार फिनिशिंग से जमशेदपुर को 1-0 की बढ़त दिला दी.पहले हाफ में युवा जमशेदपुर टीम का दबदबा रहा. राशिथोई, मार्स और रायन ने गोल करने के कई अच्छे मौके बनाए, लेकिन एक शॉट पोस्ट पर लगकर लौट गया. ब्रेक तक जमशेदपुर 1-0 से आगे था.
दूसरे हाफ में मैच का रुख बदल गया
क्लासिक फुटबॉल एकेडमी ने दो गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया और जमशेदपुर पर दबाव बना दिया. इसके बावजूद जेएफसी के खिलाड़ी लगातार मौके बना रहे. गोपाल मुंडा ने दो बार बहुत करीब से गोल करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों बार उनका शॉट पोस्ट पर लगकर बाहर निकल गया. मैच हार की ओर बढ़ रहा था, लेकिन इंजरी टाइम के आखिरी क्षणों में क्लासिक एफए के बॉक्स के अंदर हैंडबॉल होने पर रेफरी ने पेनल्टी दे दी. मामा ने शांत दिमाग से पेनल्टी को गोल में बदल दिया और मैच को 2-2 से बराबरी पर खत्म कर दिया. इस ड्रा के साथ जमशेदपुर एफसी यू-18 को फाइनल राउंड में एक महत्वपूर्ण अंक मिल गया है.
अगला मैच
जमशेदपुर एफसी यू-18 अब अपनी नजर अगले मैच पर टिका चुकी है. टीम 19 अप्रैल को सुबह 7:30 बजे गोकुलम केरल एफसी के खिलाफ मैदान में उतरेगी.

