
उदित वाणी, गुवा : गुवा सेल में 20 बाहरी व्यक्तियों की कथित बहाली के विरोध में सोमवार को संयुक्त यूनियनों ने जनरल ऑफिस के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया. नारेबाजी और विरोध के बीच यूनियनों ने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन ने बाहरी लोगों की बहाली को तत्काल प्रभाव से रद्द नहीं किया, तो उत्पादन और डिस्पैच को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. सोमवार की शाम से शुरू हुआ यह प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा.
यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि गुवा सेल में स्थानीय मजदूरों और बेरोजगार युवाओं की अनदेखी कर बाहरी लोगों की बहाली करना क्षेत्रीय हक के खिलाफ है. इस निर्णय से ठेका मजदूरों और स्थानीय परिवारों में भारी आक्रोश व्याप्त है. यूनियनों ने घोषणा की कि सोमवार की रात्रि पाली से सभी बसों का परिचालन रोक दिया जाएगा, जिससे उत्पादन कार्य बाधित रहेगा. उनका कहना है कि जब तक 20 बाहरी व्यक्तियों की बहाली पर रोक नहीं लगती, तब तक अनिश्चितकालीन रूप से डिस्पैच बंद रहेगा. इससे गुवा सेल के उत्पादन और परिवहन व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ने की संभावना है.
विरोध स्थल पर संयुक्त यूनियनों के प्रमुख पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे. इनमें झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़, बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन इंटक के महामंत्री विश्वजीत तांती और सारंडा युवा बेरोजगार संघ के अध्यक्ष उदय कुमार सिंह शामिल थे. इनके साथ बड़ी संख्या में ठेका मजदूर, सफाईकर्मी और स्थानीय युवा भी मौजूद थे.
यूनियन नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन सिर्फ बहाली विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय युवाओं के रोजगार अधिकार की लड़ाई है. यदि प्रबंधन ने शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा.

