
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेल पुलिस (जीआरपी) और चक्रधरपुर मंडल आरपीएफ की फ्लाइंग स्क्वायड ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर चोर को नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार किया है। चलती ट्रेन में यात्री की अटैची चोरी कर फरार हो रहे आरोपी को टीम ने लगातार पीछा करते हुए घाटशिला स्टेशन के पास धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से चोरी का पूरा सामान भी बरामद कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना टाटानगर स्टेशन के समीप की है, जहां ट्रेन की रफ्तार धीमी होते ही आरोपी ने मौके का फायदा उठाया और एक यात्री की अटैची लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ की फ्लाइंग स्क्वायड अलर्ट हो गई और तुरंत कार्रवाई शुरू की गई। टीम ने बिना देर किए आरोपी का पीछा करना शुरू किया।
करीबन फिल्मी अंदाज में हुए इस पीछा अभियान के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करता रहा, लेकिन सुरक्षा बलों की सतर्कता के आगे उसकी एक न चली। आखिरकार घाटशिला स्टेशन के समीप उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की गई अटैची बरामद हुई, जिसमें नकदी सहित अन्य कीमती सामान मौजूद थे।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को टाटानगर लाया गया, जहां आरपीएफ ने उसे आवश्यक कार्रवाई के बाद रेल पुलिस (जीआरपी) को सौंप दिया। जीआरपी ने पीड़ित यात्री के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

