उदित वाणी पटमदा : टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे तेजी से फैल रही झाड़ियों ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। झाड़ियों के कारण सड़क कई स्थानों पर संकरी हो गई है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क किनारे सफाई नहीं कराई गई तो आने वाले बरसात के दिनों में हालात और भयावह हो सकते हैं।
बोड़ाम के कुटिमाकली निवासी युवा समाजसेवी उमेश महतो ने पथ निर्माण विभाग एवं स्थानीय प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि टाटा–पटमदा मुख्य मार्ग पर हाल के दिनों में सड़क हादसों में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि पटमदा, कमलपुर और बोड़ाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत इस सड़क पर कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। खासकर तीखे मोड़ों पर झाड़ियों की वजह से सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि कई बार भारी वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली पोल से टकरा चुके हैं, जबकि कुछ वाहन घरों में भी घुस गए हैं। इससे आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों के बीच हमेशा भय बना रहता है। उमेश महतो ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों मजदूर, छात्र और युवा बाइक के जरिए जमशेदपुर आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क किनारे फैली झाड़ियों के कारण उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। उन्होंने बताया कि जल्द ही जिले के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर डिमना घाटी, लेक क्षेत्र और टाटा (आसनबनी)–पटमदा मुख्य सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की जाएगी, ताकि संभावित दुर्घटनाओं और जानमाल के नुकसान को रोका जा सके।


