उदित वाणी झारखंड: जमशेदपुर के गोविंदपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 48 घंटे से जलापूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत से परेशान सैकड़ों ग्रामीण मंगलवार को हांडी-डेगची लेकर शेषनगर स्थित जलमीनार (पानी टंकी) पहुंचे और जलापूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह ने किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लगातार दो दिनों से पानी नहीं मिलने के कारण लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। घरों में दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और गर्मी के इस मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार, शेषनगर स्थित जलापूर्ति योजना से गोविंदपुर के अलावा परसुडीह क्षेत्र के कुल 21 पंचायतों में पानी की आपूर्ति की जाती है। जलापूर्ति बाधित होने से हजारों परिवार प्रभावित हुए हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी बिजली आपूर्ति बाधित होने का हवाला देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
वहीं, जलापूर्ति योजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि कई घरों में अवैध कनेक्शन लिए जाने के कारण जल वितरण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इसके चलते करीब 22 हजार परिवारों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति सामान्य नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बाद में अधिकारियों ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग शांत हुए।


