
उदित वाणी, पाकुड़ : पाकुड़ के महेशपुर प्रखंड के एक गांव में मंगलवार को दुर्लभ कबर/कस्तूरी बिल्ली (स्मॉल इंडियन सिवेट) देखे जाने से हड़कंप मच गया. जंगलों में रहने वाला यह निशाचर वन्यजीव देर तक गलियों में घूमता रहा, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.इसकी मौजूदगी से लोगों में डर का माहौल भी रहा और बच्चों को घरों में रहने की हिदायत दी गई. कई ग्रामीणों ने मोबाइल से फोटो और वीडियो भी बनाए, जो अब चर्चा का विषय बने हुए हैं.
विशेषज्ञों के अनुसार, भोजन की कमी, जंगलों में कटाव या पर्यावरणीय बदलाव के कारण यह आबादी क्षेत्र में भटककर पहुंच सकता है. हालांकि यह जीव सामान्यतः इंसानों पर हमला नहीं करता, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है.ग्रामीणों ने वन विभाग से इसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की मांग की है. फिलहाल इलाके में इस अनोखे मेहमान को लेकर उत्सुकता और भय दोनों का माहौल बना हुआ है.

