
उदित वाणी,चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग ने सोमवार को चाईबासा शहर स्थित आर.के. एचपी गैस एजेंसी एवं उसके गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सदर अंचल अधिकारी और सदर मार्केटिंग ऑफिसर भी मौजूद रहे।
रिकॉर्ड और स्टॉक का किया निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में एसडीओ ने एजेंसी के विभिन्न पंजी और रिकॉर्ड जैसे स्टॉक पंजी, वितरण पंजी, आगत पंजी आदि की जांच की। इसके साथ ही गोदाम का भौतिक अवलोकन कर गैस सिलेंडरों के रख-रखाव और उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया।
ग्राहकों से भी की बातचीत
एसडीओ संदीप अनुराग ने मौके पर मौजूद ग्राहकों से बातचीत कर गैस आपूर्ति और वितरण व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए अनुमंडल क्षेत्र में गैस वितरण सप्लाई चेन को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है।

एजेंसियों को दिए सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभी गैस वितरक एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि वितरण व्यवस्था को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखें तथा समय-समय पर आवश्यक सूचनाएं अपडेट करें, ताकि उपभोक्ताओं को सही जानकारी मिल सके।
कालाबाजारी पर सख्ती की चेतावनी
एसडीओ ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी एजेंसी संचालकों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि उपभोक्ताओं को समय पर और उचित दर पर गैस उपलब्ध हो।
प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

