
उदित वाणी, रांची: झारखंड की राजधानी रांची की विकास यात्रा में आज एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है. रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में रांची के लिए दो अत्यंत महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास किया.
रामपुर में ओवरब्रिज और इरबा में बनेगी आधुनिक टनल
लगभग ₹303 करोड़ की लागत से राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर दो प्रमुख कार्य किए जाएंगे. इसमें रामपुर चौक (रांची–जमशेदपुर रोड जंक्शन) के पास एक भव्य ओवरब्रिज का निर्माण और विकास चौक, इरबा (रांची–हजारीबाग जंक्शन) के समीप एक आधुनिक भूमिगत टनल (Underground Tunnel) का निर्माण शामिल है.
शिलान्यास के अवसर पर संजय सेठ ने कहा, “इन परियोजनाओं से रांची और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुगम होगा, जाम की समस्या खत्म होगी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सकेगा.”
झारखंड में 45,000 करोड़ के विकास कार्य प्रगति पर
रक्षा राज्य मंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में वर्तमान में झारखंड में ₹45,000 करोड़ की लागत से लगभग 1500 किमी से अधिक सड़कों और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि आने वाले समय में राज्य को ₹17,000 करोड़ की और नई परियोजनाएं मिलेंगी, जिससे 450 किमी नई सड़कों का निर्माण होगा. इसमें वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे का अहम हिस्सा भी शामिल है.
रांची के लिए आउटर रिंग रोड की घोषणा
राजधानी के विस्तार और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ₹6000 करोड़ की लागत से आउटर रिंग रोड के निर्माण की घोषणा की गई है. यह कदम रांची को एक नई पहचान दिलाने और यातायात को शहर के बाहर से ही डाइवर्ट करने में मील का पत्थर साबित होगा.
इन प्रमुख परियोजनाओं से बदलेगी झारखंड की तस्वीर
राज्य में चल रहे विकास कार्यों का विवरण देते हुए श्री सेठ ने बताया:
गोला–ओरमांझी सड़क परियोजना: लगभग 90% कार्य पूर्ण.
ओरमांझी फ्लाईओवर: निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है.
अंडरपास निर्माण: घोरालिंग, फुलदुंगरी और बहरागोड़ा में तीन अंडरपास.
चिल्गु नदी पुल: निर्माण जारी है, जिसे 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है.
रेल ओवरब्रिज (ROB): इटकी और चांडिल में निर्माण कार्य प्रगति पर है.
सड़क चौड़ीकरण: चरही और चुटुपालू घाटी में जल्द ही चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा.
अन्य कार्य: रांची–महुलिया सड़क सुदृढ़ीकरण और कोडरमा–मेघातरी सड़क परियोजना.
गरिमामयी उपस्थिति
इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक श्री राजेश कच्छप, मेयर श्रीमती रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर श्री नीरज कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष श्री वरुण साहू, रांची ग्रामीण पूर्वी जिलाध्यक्ष श्री धीरज महतो, पश्चिमी जिलाध्यक्ष श्री नरेंद्र कुमार और पूर्व विधायक श्री समरी लाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

