उदित वाणी, पोटका : पोटका प्रखंड के जानमडीह स्थित कला संस्कृति भवन में सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल के तत्वावधान में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया.
इस शिविर में जमशेदपुर के विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. श्रीराम एस एवं डॉ. बी. प्रसाद ने कुल 165 मरीजों की जांच की और उन्हें नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं.

विधायक ने किया उद्घाटन, खिलाड़ियों को मिला प्रोत्साहन
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि पोटका विधायक संजीव सरदार ने किया. इस अवसर पर मुखिया असित सरदार और कालिपदो सरदार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्र की 14 फुटबॉल टीमों को जर्सी और फुटबॉल वितरित कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया.
सीएसआर कार्यों की सराहना, सेवाओं के विस्तार की मांग
मौके पर विधायक संजीव सरदार ने टाटा स्टील द्वारा सीएसआर के तहत स्वास्थ्य, खेलकूद और सांस्कृतिक क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की. उन्होंने कंपनी से आग्रह किया कि इस पहल का दायरा बढ़ाते हुए हर माह तीन से चार दिन चिकित्सकों को क्षेत्र में भेजा जाए, ताकि ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें. साथ ही युवाओं के लिए खेल प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की भी बात कही.
युवाओं के लिए शिक्षा और अवसर पर जोर
विधायक ने युवाओं से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाकर बेहतर शिक्षा प्राप्त करने की अपील की. उन्होंने टाटा स्टील से छात्रों के लिए स्कॉलरशिप की व्यवस्था करने का भी सुझाव दिया.
इनकी रही उपस्थिति, आयोजन में ग्रामीणों की भूमिका
इस अवसर पर टाटा स्टील पीएचएस विभाग के एचओडी मनोज सिंह शेखावत, चंदन गुप्ता, योगेश राणा, सौमित्र सिंह ठाकुर, धनंजय कुमार, विजय गोप, संतोष मुखी, अभिनव महतो, राकेश कुमार, अंशु सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्राम प्रधान भुगनु सरदार, मनोरंजन सरदार, ईश्वर लाल सरदार, रतन सरदार, मिल्स सरदार, कमल सरदार सहित अन्य ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा.


